बीडीओ चौपाल विनीत ठाकुर को मिला राज्य पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार, चौपाल के लिए ऐतिहासिक गौरव
बीडीओ चौपाल विनीत ठाकुर को मिला राज्य पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार, चौपाल के लिए ऐतिहासिक गौरव
विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में चौपाल विकास खंड के खंड विकास अधिकारी (BDO) विनीत ठाकुर को हिमाचल प्रदेश स्टेट एनवायरनमेंट लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार शिमला के ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा प्रदान किया गया। पुरस्कार स्वरूप बीडीओ विनीत ठाकुर को प्रशस्ति पत्र के साथ ₹50,000 की नकद राशि भी भेंट की गई।
यह सम्मान चौपाल प्रशासन के इतिहास में किसी भी अधिकारी को पहली बार मिला है, जिससे समूचा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। यह उपलब्धि चौपाल विकास खंड के लिए न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह दर्शाता है कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों को अब राज्य स्तर पर भी सराहना मिल रही है।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद बीडीओ विनीत ठाकुर ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कार्यालय और फील्ड स्टाफ, पंचायत प्रतिनिधियों, एनआरएलएम की मातृशक्ति और समस्त चौपाल वासियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और यह उपलब्धि सभी के सहयोग के बिना संभव नहीं थी।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में इस सम्मान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। चौपाल क्षेत्र के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि और गौरवमयी क्षण है, जो आने वाले समय में अन्य अधिकारियों और पंचायतों को भी प्रेरित करेगा।