सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में पूर्व विधायक किरनेश जंग की गैरमौजूदगी पर
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में पूर्व विधायक किरनेश जंग की गैरमौजूदगी पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने साधा निशाना,
पांवटा साहिब — सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान पांवटा के पूर्व कांग्रेस विधायक किरनेश जंग की अनुपस्थिति ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस मौके पर गिरिपार क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी भीतरू गुटबाजी की शिकार हो चुकी है।
रमेश तोमर ने कहा कि किरनेश जंग जैसे वरिष्ठ नेता का इस सार्वजनिक कार्यक्रम में न आना यह दर्शाता है कि कांग्रेस अब एकजुट नहीं रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता खुद कार्यक्रमों में भाग लेने को उत्साहित रहते हैं, लेकिन जब उनके नेता ही दिखाई नहीं देते, तो कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है।
तोमर ने कांग्रेस पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, वे आज तक अधूरे हैं। क्षेत्र में सड़कों की हालत जर्जर है, पेयजल संकट गहराता जा रहा है और आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को जनता द्वारा मंत्री के समक्ष भी उठाया गया, लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिले हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है जब हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार हो और पांवटा साहिब से सुखराम चौधरी जैसे जनसेवक विधायक हों। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे सच्चे विकास के साथ खड़े हों और गुटबाजी की राजनीति से बाहर निकलें।